रेगुलर अपडेट और ताजी खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप यूट्यूब चैनल को ज्वाइन करे
https://www.aaptaknews.in/?m=1
https://whatsapp.com/channel/0029VayBqc0LikgHssxrmC2O
https://www.instagram.com/aaptaknews08?igsh=eW00NzhnYW1xOHc0
https://youtube.com/@aaptaknews-08?si=-GNoQ38LhY_MLAxf
लाइव आप तक न्यूज़ से सम्पादक की ख़ास ख़बर
रेस्टोरेंट की पार्किंग बनी कॉलोनीवासियों के लिए मुसीबत, डीएम से गुहार वजीराबाद कॉलोनी में सड़क के दोनों ओर वाहनों का कब्जा, विरोध पर विवाद का आरोप
गोरखपुर गोरखनाथ क्षेत्र की वजीराबाद कॉलोनी में अवैध पार्किंग को लेकर कॉलोनीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा सड़क के दोनों ओर कथित रूप से अवैध पार्किंग कराए जाने पर रोक लगाने और मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने भी मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए शिकायत के समाधान के लिए पहल की है।
शिकायत के अनुसार, गोरखनाथ उत्तरी हुमायूंपुर स्थित वजीराबाद कॉलोनी के आसपास कई रेस्टोरेंट संचालित हैं। आरोप है कि रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहकों के वाहन कॉलोनी की सड़क के दोनों ओर खड़े करा दिए जाते हैं। इससे रास्ता संकरा होने के साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि सड़क पर खड़ी गाड़ियों में लोग बैठकर शराब पीने समेत अन्य गतिविधियां भी करते हैं। स्थानीय लोगों द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद और अभद्रता की स्थिति पैदा हो जाती है। लोगों का कहना है कि अवैध पार्किंग की वजह से उनका जीना दुश्वार हो गया है।
कार का शीशा तोड़ने का भी आरोप शिकायत में कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया है कि 6 अक्टूबर 2026 को मोहम्मद हैशाम अख्तर की कार को क्षतिग्रस्त कर उसके सामने का शीशा तोड़ दिया गया। इस मामले में थाने पर प्रार्थना पत्र दिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
कॉलोनीवासियों की शिकायत को पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए अवैध पार्किंग की समस्या के समाधान और संबंधित विभाग से कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया है। पार्षद के हस्तक्षेप के बाद स्थानीय लोगों को अब इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है।
इस संबंध में गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अवैध पार्किंग को लेकर प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। अवैध पार्किंग के संबंध में नगर निगम से कार्रवाई करने के लिए कहा जाएगा।
कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सड़क पर होने वाली अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, आवागमन बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और विरोध करने पर विवाद या अभद्रता करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अब देखना यह है कि पार्षद के संज्ञान और थाना प्रभारी के बयान के बाद नगर निगम अवैध पार्किंग के खिलाफ कितना प्रभावी कदम उठाता है।


