रेगुलर अपडेट और ताजी खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप यूट्यूब चैनल को ज्वाइन करे
https://www.aaptaknews.in/?m=1
https://whatsapp.com/channel/0029VayBqc0LikgHssxrmC2O
https://www.instagram.com/aaptaknews08?igsh=eW00NzhnYW1xOHc0
https://youtube.com/@aaptaknews-08?si=-GNoQ38LhY_MLAxf
लाइव आप तक न्यूज़ से सम्पादक की ख़ास ख़बर
अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच मातृ आंचल सेवा संस्थान ने बाँटी दीपावली की खुशियाँ, पुष्पलता सिंह ‘अम्मा’ ने कहा—मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म
गोरखपुर दीपावली केवल घरों को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला भरने का भी अवसर है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए मातृ आंचल सेवा संस्थान, गोरखनाथ, गोरखपुर की ओर से गत वर्ष की भाँति इस वर्ष भी दीपावली के पावन अवसर पर जिला अस्पताल गोरखपुर एवं महिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के बीच मिष्ठान एवं फल का वितरण किया गया।
संस्थान की संस्थापिका एवं संचालिका पुष्पलता सिंह ‘अम्मा’ के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन मरीजों के चेहरों पर मुस्कान लाना था, जो बीमारी, पीड़ा और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण दीपावली जैसे पावन पर्व पर भी अपने घर नहीं जा सके और अस्पताल के बिस्तरों पर अपना त्योहार बिताने को मजबूर थे।
इस अवसर पर कोतवाली थाने के प्रभारी महोदय एवं उनकी टीम, वरिष्ठ समाजसेवी आदिल अमीन, मिन्हाज सिद्दकी जी,शिक्षक संघ के जिला मंत्री ज्ञानेंद्र ओझा, पाली ब्लॉक के शिक्षक नागेंद्र सिंह, समाजसेविका रिंकी जायसवाल, समाजसेवी प्रमोद द्विवेदी, समाजसेविका खुशबू, अनन्या सिंह, आदित्य सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग एवं सहयोगी उपस्थित रहे। सभी ने अपने हाथों से मरीजों को मिष्ठान एवं फल वितरित किए और उनका कुशलक्षेम पूछते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
यह सेवा कार्यक्रम जिला अस्पताल के हड्डी वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, बर्न वार्ड, नई बिल्डिंग के विभिन्न वार्डों, चाइल्ड वार्ड, टिटनेस वार्ड तथा महिला चिकित्सालय में आयोजित किया गया। मरीजों के साथ-साथ चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मचारियों को भी दीपावली की शुभकामनाएँ दी गईं। मरीजों ने भी सभी को हृदय से आशीर्वाद दिया।
जीवन के साथ भी और जीवन के बाद भी मानवता की सेवा में समर्पित है मातृ आंचल
मातृ आंचल सेवा संस्थान केवल त्योहारों पर सेवा कार्यक्रम आयोजित करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि यह वर्षभर समाज के उन लोगों के लिए कार्य करती है, जिन्हें अपनों ने भी बेसहारा छोड़ दिया है। संस्थान की संस्थापिका पुष्पलता सिंह ‘अम्मा’ का सेवा-संकल्प समाज के उन उपेक्षित और असहाय लोगों के लिए समर्पित है, जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं होता।
आप सभी अवगत हैं कि मातृ आंचल सेवा संस्थान द्वारा आए दिन लावारिस, बेसहारा, शारीरिक एवं मानसिक रूप से दिव्यांग तथा परित्यक्त महिलाओं के लिए निरंतर कार्य किया जाता है। संस्थान द्वारा मोहरीपुर चौराहा, गोरखनाथ रोड स्थित अम्मा आश्रय निकेतन का संचालन किया जा रहा है, जहाँ ऐसी माताओं को आश्रय, भोजन, वस्त्र, चिकित्सा एवं सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है, जिन्हें उनके परिवारजन सड़क, रेलवे स्टेशन अथवा अस्पतालों में बेसहारा छोड़ जाते हैं।
वहीं दूसरी ओर, संस्थान का ‘अंतिम ममता अभियान’ उन लावारिस शवों को सम्मानजनक अंतिम विदाई देने के लिए संचालित किया जा रहा है, जिनका इस दुनिया में कोई अपना सामने नहीं आता। पुष्पलता सिंह ‘अम्मा’ के नेतृत्व में गोरखपुर में मिलने वाले लावारिस शवों की नियमानुसार पहचान एवं आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी कर उनके धर्म और रीति-रिवाज के अनुरूप अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जाती है। मुस्लिम समुदाय के शवों को संबंधित मुस्लिम सामाजिक संस्था के सहयोग से सुपुर्द-ए-खाक कराया जाता है।
पूरा विश्व ही परिवार, विश्व बंधुत्व की भावना से कर रही हैं सेवा
पुष्पलता सिंह ‘अम्मा’ का मानना है कि इंसान की पहचान उसके पद, प्रतिष्ठा और संपत्ति से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है। उनका सेवा-संकल्प किसी जाति, धर्म, वर्ग अथवा क्षेत्र की सीमा में बंधा नहीं है। वे पूरे विश्व को अपना परिवार मानते हुए वसुधैव कुटुम्बकम और विश्व बंधुत्व की भावना के साथ मानवता का फर्ज निभाने में जुटी हैं।
उनका कहना है कि सेवा केवल जीवन रहते ही नहीं, बल्कि जीवन के बाद भी होनी चाहिए। इसी विचार के साथ मातृ आंचल सेवा संस्थान एक ओर बेसहारा माताओं को नया सहारा देने का प्रयास कर रहा है, तो दूसरी ओर उन अज्ञात और लावारिस मृतकों को भी सम्मानजनक विदाई दे रहा है, जिनके अंतिम संस्कार के लिए कोई अपना आगे नहीं आता।
दीपावली के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम भी इसी सेवा-संकल्प की एक कड़ी रहा। पुष्पलता सिंह ‘अम्मा’ ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के चेहरों पर मुस्कान देखना और उनसे आशीर्वाद प्राप्त करना ही इस दीपावली का सबसे बड़ा उपहार है। हमारी कामना है कि सभी मरीज शीघ्र स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटें और आने वाले त्योहार अपने घरों में अपनों के साथ मनाएँ।
उन्होंने कहा कि समाज में बहुत से लोग ऐसे हैं, जिनके पास धन-संपत्ति तो दूर, त्योहार के दिन किसी अपने का साथ और दो मीठे शब्द भी नहीं होते। ऐसे लोगों के जीवन में थोड़ी-सी खुशी ला पाना ही उनके लिए सच्ची दीपावली है।
संस्थान का मूल संदेश है—‘जहाँ कोई नहीं, वहाँ मैं हूँ। जिसका कोई नहीं, उसके लिए मैं हूँ।’
मातृ आंचल सेवा संस्थान का प्रयास है कि समाज का कोई भी व्यक्ति केवल इसलिए उपेक्षित न रह जाए कि उसका कोई अपना नहीं है। यही मानवता है, यही सेवा है और यही दीपावली के प्रकाश का वास्तविक अर्थ है।


