रेगुलर अपडेट और ताजी खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप यूट्यूब चैनल को ज्वाइन करे

https://www.aaptaknews.in/?m=1

https://whatsapp.com/channel/0029VayBqc0LikgHssxrmC2O

https://www.instagram.com/aaptaknews08?igsh=eW00NzhnYW1xOHc0

https://youtube.com/@aaptaknews-08?si=-GNoQ38LhY_MLAxf
 
लाइव आप तक न्यूज़ से सम्पादक की ख़ास ख़बर

त्योहारों पर खलल डाला तो पुलिस का एक्शन तय, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन को लेकर राजघाट थाने में हाईलेवल पीस कमेटी बैठक

 जुलूस मार्ग की हर समस्या दूर कराने के निर्देश

गोरखपुर थाना राजघाट आगामी ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। राजघाट थाने में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजकों एवं क्षेत्रीय लोगों के साथ पर्व की तैयारियों, जुलूस के रूट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटिल, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव और सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने दो टूक कहा कि त्योहार में खलल डालने वालों की खैर नहीं होगी। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी। जुलूस निर्धारित रूट से ही निकाले जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा न करें। पुलिस की सोशल मीडिया पर विशेष नजर रहेगी और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में स्थानीय लोगों और जुलूस आयोजकों ने जुलूस मार्ग पर लटक रहे बिजली के तार, पेड़ों की झूलती टहनियां, खराब सड़कें और साफ-सफाई की समस्या अधिकारियों के सामने रखी। लोगों ने कहा कि पर्व से पहले इन समस्याओं का समाधान होना जरूरी है, ताकि जुलूस के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सामने आई समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बिजली विभाग को लटकते तार दुरुस्त कराने, नगर निगम को साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने और खराब सड़कों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए। जुलूस मार्ग में बाधा बन रही पेड़ों की टहनियों को भी हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

बैठक में पार्षद शहाब अंसारी, पार्षद विजेंद्र अग्रहरि, मानव अधिकार संगठन एवं सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद रजी, राजघाट थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह, अमरूद बाग चौकी प्रभारी रोहित साहू, रहमतनगर चौकी प्रभारी आनंद उपाध्याय, बसंतपुर चौकी प्रभारी दीनानाथ पांडेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश शर्मा, पांडेयहाता चौकी प्रभारी योगेंद्र पांडेय, ट्रांसपोर्ट नगर चौकी प्रभारी संजय चंदेल समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस-प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार शांति से मनाइए, लेकिन माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो कार्रवाई भी उसी सख्ती से होगी।