रेगुलर अपडेट और ताजी खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप यूट्यूब चैनल को ज्वाइन करे
https://www.aaptaknews.in/?m=1
https://whatsapp.com/channel/0029VayBqc0LikgHssxrmC2O
https://www.instagram.com/aaptaknews08?igsh=eW00NzhnYW1xOHc0
https://youtube.com/@aaptaknews-08?si=-GNoQ38LhY_MLAxf
लाइव आप तक न्यूज़ से सम्पादक की ख़ास ख़बर
सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब पिपराइच के प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
गोरखपुर भगवान शिव को समर्पित पवित्र सावन माह के पहले सोमवार पर जिले के शिवालयों और मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिरों में देखने को मिलीं। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की।
पिपराइच स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित जिले के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक भी किया।
मंदिर के पुजारियों ने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है और सोमवार का दिन शिव आराधना के लिए विशेष फलदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन में शिवलिंग पर जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।
पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं से जल का अनावश्यक अपव्यय न करने और मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील की गई। इस वर्ष सावन के चारों सोमवार विशेष महत्व के माने जा रहे हैं। पहले सोमवार से ही व्रत, पूजा और जलाभिषेक का क्रम शुरू हो गया है, जो पूरे सावन माह तक जारी रहेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर में पुलिस की व्यापक व्यवस्था की गई थी।
इस दौरान पिपराइच के नवागत थानाध्यक्ष अनूप सिंह, एसआई उमेश यादव, प्रदीप सिंह, दीपिका यादव, शिखा जायसवाल सहित पुलिस बल पूरे समय मंदिर परिसर में तैनात रहा। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के लिए लगातार निगरानी बनाए रखी।

