रेगुलर अपडेट और ताजी खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप यूट्यूब चैनल को ज्वाइन करे
https://www.aaptaknews.in/?m=1
https://whatsapp.com/channel/0029VayBqc0LikgHssxrmC2O
https://www.instagram.com/aaptaknews08?igsh=eW00NzhnYW1xOHc0
https://youtube.com/@aaptaknews-08?si=-GNoQ38LhY_MLAxf
लाइव आप तक न्यूज़ से सम्पादक की ख़ास ख़बर
शीश महल दरगाह पर रोशन हुए दीप, कौमी एकता और गंगा-जमुनी तहजीब का दिया संदेश
सदियों पुरानी परंपरा का हुआ निर्वहन, मुल्क की तरक्की और खुशहाली के लिए मांगी गई दुआएं
दीपावली किसी एक धर्म का नहीं, बल्कि सभी का त्योहार है : सज्जाद अली रहमानी
सदियों से चली आ रही रवायत को निभाते हुए शीश महल दरगाह पर जलाए जाते हैं दीप, मांगी जाती है मुल्क की सलामती की दुआएं : लड्डन खान
सभी धर्म के लोगों ने मिलकर मनाया जश्न-ए-चिरागां: हाजी खुर्शीद
गोरखपुर ''मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना, हिन्दी हैं हम वतन है हिंदुस्तां हमारा'' की मिसाल दीपावली के पावन पर्व पर जाफरा बाजार स्थित हजरत सैयद गाजी मोमिन शीश अली शाह रहमतुल्लाह अलैह की शीश महल दरगाह पर देखने को मिली। यहां सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए दीप प्रज्वलित कर जश्न-ए-चिरागां मनाया गया। इस दौरान मुल्क की तरक्की, अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
शीश महल दरगाह के गद्दीनशीं एवं इंतजामकार सज्जाद अली रहमानी की सरपरस्ती में आयोजित कार्यक्रम में ऑल इंडिया उर्स कमेटी के अध्यक्ष मुहम्मद रजा लड्डून खान, प्रमुख महासचिव मुर्तजा हुसैन रहमानी, प्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष हाजी खुर्शीद आलम और जिलाध्यक्ष महमूद अंसारी सहित तमाम लोगों ने बड़ी दीपावली के दिन दरगाह के मजार शरीफ पर चिराग रोशन किए। दीपों की रोशनी के बीच सभी ने सामाजिक सौहार्द, पर्यावरण संरक्षण और सांप्रदायिक एकता की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बताया जाता है कि शीश महल दरगाह कभी जंगल-झाड़ियों के बीच स्थित थी। सदियों से दीपावली के अवसर पर हर धर्म और समुदाय के आस्थावान लोग यहां पहुंचकर दीप प्रज्वलित करते और खुशहाली की दुआ मांगते रहे हैं। इसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखते हुए आज भी दरगाह पर दीपावली के दिन चिराग रोशन किए जाते हैं। यह परंपरा भारतीय संस्कृति की साझी विरासत और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर पेश करती है।
इस अवसर पर गद्दीनशीं एवं इंतजामकार सज्जाद अली रहमानी ने सभी को दीपावली की मुबारकबाद देते हुए कहा कि दीपावली रोशनी, खुशियों और आपसी प्रेम का त्योहार है। त्योहार चाहे किसी भी धर्म, पंथ या मजहब का हो, उसे सभी को मिल-जुलकर मनाना चाहिए। ऐसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
ऑल इंडिया उर्स कमेटी के अध्यक्ष मुहम्मद रजा लड्डून खान ने कहा कि शीश महल दरगाह हिंदू-मुस्लिम कौमी एकता और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल है। दीपावली का पर्व समाज में प्रेम और सद्भावना का संदेश देता है। इसे पवित्र मन से मनाते हुए एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना ही हमारी साझा संस्कृति की असली पहचान है।
प्रदेश के कार्यवाहक अध्यक्ष हाजी खुर्शीद आलम ने कहा कि त्योहार किसी एक धर्म या समुदाय के नहीं होते, बल्कि सभी के होते हैं। इन्हें मिल-जुलकर मनाने से समाज में प्रेम और सौहार्द का वातावरण मजबूत होता है।
कमेटी के प्रमुख महासचिव मुर्तजा हुसैन रहमानी एवं जिलाध्यक्ष महमूद अंसारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और गंगा-जमुनी तहजीब की असली पहचान देश में मनाए जाने वाले विभिन्न त्योहारों में दिखाई देती है। यही विविधता हमारी ताकत है और इसे हर हाल में कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में शफी अंसारी, शेरू, अभिमन्यु सोनकर, रामजीत सिंह, महफूज आलम, अफजाल खान बब्लू, इफ्तेखार अहमद, रामनैन, रामभुज, अल्तमश हुसैन रहमानी, मुरारी लाल, राम प्रसाद, अहद अली रहमानी और कौशल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
