Hot Posts

6/recent/ticker-posts

कफ़न ओढ़ कर 15 जुलाई को करेंगे प्रतीकात्मक विरोध : रूपेश...

रेगुलर अपडेट और ताजी खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप यूट्यूब चैनल को ज्वाइन करे

https://www.aaptaknews.in/?m=1

https://whatsapp.com/channel/0029VayBqc0LikgHssxrmC2O

https://www.instagram.com/aaptaknews08?igsh=eW00NzhnYW1xOHc0

https://youtube.com/@aaptaknews-08?si=-GNoQ38LhY_MLAxf
 
लाइव आप तक न्यूज़ से सम्पादक की ख़ास ख़बर

कफ़न ओढ़ कर 15 जुलाई को करेंगे  प्रतीकात्मक विरोध : रूपेश

गोरखपुर 09 जुलाई, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर इकाई की एक आवश्यक बैठक आज अपराह्न 4:30 बजे डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ भवन, लोक निर्माण विभाग, गोरखपुर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने तथा संचालन महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने किया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दिनांक 15 जुलाई 2026 को दोपहर बारह बजे से दो बजे तक डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ भवन, लोक निर्माण विभाग, गोरखपुर में परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव पुरानी पेंशन योजना की बहाली एवं अन्य कर्मचारी हितों से जुड़ी मांगों को लेकर कफ़न ओढ़कर शांतिपूर्ण एवं प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन करेंगे।

बैठक में प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, आठवें वेतन आयोग में 3.86 फिटमेंट फैक्टर लागू करना, कोरोना काल में फ्रीज किए गए महंगाई भत्ते (डीए) के एरियर का भुगतान, कर्मचारियों एवं पेंशनरों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान तथा अन्य कर्मचारी हितों से संबंधित मांगें प्रमुख रहीं।

बैठक को संबोधित करते हुए परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारी संगठन वर्षों से अपनी न्यायोचित मांगों के समाधान हेतु ज्ञापन, पत्राचार, धरना-प्रदर्शन एवं लोकतांत्रिक आंदोलनों के माध्यम से शासन का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं, किंतु सरकार द्वारा अब तक कोई ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। इससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि 15 जुलाई का कफ़न ओढ़कर किया जाने वाला प्रतीकात्मक विरोध किसी टकराव का नहीं, बल्कि सरकार तक कर्मचारियों की पीड़ा पहुँचाने का लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण प्रयास है। यह आंदोलन कर्मचारियों की उपेक्षा के विरुद्ध एक सशक्त संदेश होगा।

श्री श्रीवास्तव ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों के भविष्य एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। इसी प्रकार आठवें वेतन आयोग में न्यायसंगत 3.86 फिटमेंट फैक्टर लागू करना तथा कोरोना काल में रोके गए डीए एरियर का भुगतान कर्मचारियों का वैधानिक अधिकार है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व कर्मचारियों की सभी लंबित मांगों का समाधान किया जाए, अन्यथा सरकार को कर्मचारियों की नाराजगी का राजनीतिक परिणाम भुगतना पड़ सकता है।

बैठक में उपस्थित सभी कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से प्रस्तावों का समर्थन करते हुए 15 जुलाई के आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया तथा सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

बैठक में प्रमुख रूप से रूपेश श्रीवास्तव मदन मुरारी शुक्ल, अशोक पांडेय, पं. श्याम नारायण शुक्ल, अनिल द्विवेदी, राजेश मिश्रा, अनूप कुमार, इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव, इजहार अली सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।