Hot Posts

6/recent/ticker-posts

एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने बीएलओ के साथ की महत्वपूर्ण बैठक, मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं घर-घर सत्यापन पर दिया जोर...

 रेगुलर अपडेट और ताजी खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप यूट्यूब चैनल को ज्वाइन करे

https://www.aaptaknews.in/?m=1

https://whatsapp.com/channel/0029VayBqc0LikgHssxrmC2O

https://www.instagram.com/aaptaknews08?igsh=eW00NzhnYW1xOHc0

https://youtube.com/@aaptaknews-08?si=-GNoQ38LhY_MLAxf
 
लाइव आप तक न्यूज़ से सम्पादक की ख़ास ख़बर

एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने बीएलओ के साथ की महत्वपूर्ण बैठक, मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं घर-घर सत्यापन पर दिया जोर

गोरखपुर विधानसभा क्षेत्र 322 शहर गोरखपुर के अंतर्गत मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को सदर तहसील सभागार में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ईआरओ/एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने की। इस अवसर पर एईआरओ/सीओ रुस्तमपुर सुनील सिंह, रजिस्ट्रार कानूनगो राजू सिंह सहित सभी सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने सभी बीएलओ को अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएलओ का कार्य केवल कागजी औपचारिकता नहीं, बल्कि घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं की पहचान करना, नये मतदाताओं का नाम जोड़ना, मृतकों के नाम हटाना और गलत प्रविष्टियों को सुधारना है।

एसडीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस बार मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक बीएलओ को अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वेक्षण करना होगा ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी नागरिकों को मतदाता के रूप में शामिल करने के लिए बीएलओ को विशेष प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक बीएलओ अपने सुपरवाइजर के निर्देशन में निर्धारित प्रारूपों में सही जानकारी भरें तथा संबंधित दस्तावेजों को समय से जमा करें। बीएलओ को यह सुनिश्चित करना होगा कि मतदाता सूची के सत्यापन कार्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत की गुंजाइश न रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि वे टीम भावना के साथ कार्य करें और समय-समय पर अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

एईआरओ/सीओ रुस्तमपुर सुनील सिंह व एईआरओ/सिविल  डिफेंस अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि बीएलओ लोकतांत्रिक व्यवस्था के सबसे निचले लेकिन सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्य की गुणवत्ता पर ही मतदाता सूची की शुद्धता निर्भर करती है। उन्होंने बीएलओ से कहा कि वे मतदान केंद्रों से संबंधित सभी जानकारियां अद्यतन रखें और क्षेत्र के निवासियों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करें।

रजिस्ट्रार कानूनगो राजू सिंह ने बीएलओ को तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8 और फार्म-8ए का सही उपयोग किया जाए। उन्होंने बताया कि हर बीएलओ को अपने बूथ पर लगाए गए मतदाता सूची में त्रुटियों की पहचान कर आवश्यक सुधार समय से दर्ज कराना है।

बैठक के अंत में एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने सभी बीएलओ से अपील की कि वे अपने कार्य में ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरतें ताकि विधानसभा क्षेत्र 322 शहर गोरखपुर में मतदाता सूची का शुद्धिकरण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है।

इस अवसर पर सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने विचार रखे और निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने हेतु अपने सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।