Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने की समीक्षा बैठक, विभागवार जिम्मेदारियां तय s17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा एक माह का अभियान, हर पात्र तक पहुंचेगी सरकार की योजना.....

 रेगुलर अपडेट और ताजी खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप यूट्यूब चैनल को ज्वाइन करे

https://www.aaptaknews.in/?m=1

https://whatsapp.com/channel/0029VayBqc0LikgHssxrmC2O

https://www.instagram.com/aaptaknews08?igsh=eW00NzhnYW1xOHc0

https://youtube.com/@aaptaknews-08?si=-GNoQ38LhY_MLAxf
 
लाइव आप तक न्यूज़ से सम्पादक की ख़ास ख़बर

सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने की समीक्षा बैठक, विभागवार जिम्मेदारियां तय s17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा एक माह का अभियान, हर पात्र तक पहुंचेगी सरकार की योजना

गोरखपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर रविवार को एनेक्सी भवन सभागार में प्रभारी मंत्री जल शक्ति विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने अभियान के तहत सौंपे गए दायित्वों की जानकारी प्रभारी मंत्री के समक्ष रखी। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जिले में अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश में इस बार सेवा पखवाड़े को और व्यापक रूप देते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से लेकर स्वास्थ्य, पौधरोपण, रक्तदान और जनकल्याणकारी योजनाओं तक विभिन्न सेवा गतिविधियों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों से कहा कि अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाया जाए। गांव, ब्लॉक, तहसील, नगरीय निकाय और बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की प्रभावी रूपरेखा तैयार हो। समाज के प्रत्येक वर्ग को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि सरकार की कौन-कौन सी योजना उसके लिए उपयोगी है और उसका लाभ लेने के लिए क्या प्रक्रिया है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

डीएम ने प्रस्तुत की जिले की तैयारियों की रूपरेखा

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने प्रभारी मंत्री को बताया कि पहले सेवा पखवाड़े के रूप में चलने वाली गतिविधियों को इस बार विस्तार देकर एक माह तक चलाया जाएगा। जिला स्तर पर सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। डीएम और एसएसपी को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि अलग-अलग विभागों और क्षेत्रों के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।

डीएम ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक और तहसील स्तर पर चौपाल तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे। चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों और जरूरतमंद लोगों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही संबंधित विभागों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा। स्वास्थ्य, पेंशन, आवास, राशन, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लोगों को चिन्हित कर उन्हें लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान रहेगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अच्छे कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि सेवा भावना के साथ कार्य करने वालों का उत्साह बढ़े। आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों के माध्यम से ‘आंगन सेवा’ से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर पदयात्रा और जागरूकता यात्राएं निकालकर लोगों को सेवा, स्वच्छता और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

17 सितंबर को होगा विशेष शुभारंभ

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शाम को बूथ और प्रमुख स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं और सेवा संकल्प व्यक्त किया जाएगा।

अभियान के दौरान पौधरोपण, श्रमदान, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, रक्तदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता यात्राएं और विद्यार्थियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल-कॉलेजों में विकसित भारत विषय पर चित्रकला, निबंध, भाषण सहित विभिन्न कार्यक्रम कराए जाएंगे।

पात्र लोगों को एक सप्ताह में आयुष्मान कार्ड देने का सुझाव

बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों को चिन्हित करे, जिनका अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति को अनावश्यक रूप से इंतजार न करना पड़े और एक सप्ताह के भीतर आयुष्मान कार्ड बनाकर उपलब्ध कराया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उसे उपचार की सुविधा मिल सके।

अधिकारियों को मिली अलग-अलग जिम्मेदारी

अभियान के तहत जिलाधिकारी दीपक मीणा को जिला स्तर पर समन्वय, कार्ययोजना, विभागीय बैठकों और नियमित समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। डीएम सभी विभागों के कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग करेंगे तथा समयबद्ध ढंग से कार्यक्रम संपन्न कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

एसएसपी डॉ. कोस्तुभ को पुलिस विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात और जनजागरूकता कार्यक्रमों में आवश्यक समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस विभाग अभियान के दौरान आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

सीडीओ स्तर पर ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर के कार्यक्रमों का समन्वय किया जाएगा। जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह और परियोजना निदेशक दीपक सिंह सहित संबंधित विकास विभाग के अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और निगरानी में भूमिका निभाएंगे।

डीपीआरओ सौम्य शील सिंह को पंचायत स्तर पर स्वच्छता, श्रमदान, पौधरोपण, जनभागीदारी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने से संबंधित गतिविधियों में समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। ग्राम पंचायतों में प्रधानों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

नगर आयुक्त अजय जैन के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता, कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्था, जनजागरूकता और बूथ स्तर के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। नगरीय निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता और सेवा गतिविधियां आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल को प्राधिकरण क्षेत्र से संबंधित गतिविधियों और जनभागीदारी कार्यक्रमों में समन्वय की जिम्मेदारी रहेगी। एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव को प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के समन्वय, व्यवस्थाओं और संबंधित विभागों के साथ तालमेल की जिम्मेदारी दी गई है।

शिक्षा विभाग को विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रतियोगिताएं एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर लगाएगा। संस्कृति विभाग की ओर से ‘नमो सेवा गाथा’, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा और जनकल्याण का संदेश दिया जाएगा।

भाजपा पदाधिकारियों ने भी साझा किए अपने दायित्व बैठक में भाजपा

 पदाधिकारियों ने भी प्रभारी मंत्री के समक्ष अभियान को लेकर संगठन स्तर पर दिए गए दायित्वों और तैयारियों की जानकारी साझा की। पार्टी पदाधिकारियों को बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, जनभागीदारी बढ़ाने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करने की जिम्मेदारी दी गई है। बूथ स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को व्यापक रूप से आयोजित कराने तथा सेवा गतिविधियों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का मूल आधार सेवा और राष्ट्रहित रहा है। ऐसे में यह अभियान भी सेवा भावना और जनभागीदारी पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र तक पहुंचे और कोई जरूरतमंद व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधा से वंचित न रहे।

बैठक में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक ग्रामीण विपिन सिंह, विधायक सहजनवा प्रदीप शुक्ला, विधायक खजनी श्रीराम चौहान, विधायक पिपराइच महेंद्र पाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कोस्तुभ, नगर आयुक्त अजय जैन, जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, परियोजना निदेशक दीपक सिंह, डीपीआरओ सौम्य शील सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।