रेगुलर अपडेट और ताजी खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप यूट्यूब चैनल को ज्वाइन करे
https://www.aaptaknews.in/?m=1
https://whatsapp.com/channel/0029VayBqc0LikgHssxrmC2O
https://www.instagram.com/aaptaknews08?igsh=eW00NzhnYW1xOHc0
https://youtube.com/@aaptaknews-08?si=-GNoQ38LhY_MLAxf
लाइव आप तक न्यूज़ से सम्पादक की ख़ास ख़बर
यूपी में ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़कर हुआ ₹3,500, मिलेगा ₹5 लाख का कैशलेस इलाज
गोरखपुर में जुटे 500 ग्रामीण रक्षक; सीएम योगी ने की बड़ी घोषणाएं, मंडलायुक्त ने बताया पुलिस का अभिन्न अंग, उत्कृष्ट महिला पुलिसकर्मी भी सम्मानित
गोरखपुर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने ग्रामीण सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सूचना प्रणाली को अचूक बनाने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। मंगलवार को गोरखपुर पुलिस लाइन में आयोजित भव्य 'ग्राम प्रहरी सम्मेलन' को बरेली से ऑनलाइन संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के लगभग 68 हजार ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) का मासिक मानदेय ₹2,500 से बढ़ाकर ₹3,500 करने की घोषणा की। इस 40% की वृद्धि से राज्य सरकार पर ₹84 करोड़ का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार आएगा। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने प्रहरियों और उनके परिवारों को ₹5 लाख तक की मुफ्त कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा, "जिस प्रकार शहरों में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे काम करते हैं, ठीक उसी तरह गांवों में हमारे ग्राम प्रहरी सुरक्षा व्यवस्था की आंख और कान हैं।" उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की सभी 57,000 से अधिक ग्राम पंचायतों में प्रहरियों की उपस्थिति अनिवार्य की जाए और रिक्त पड़े पदों पर तत्काल नियुक्तियां की जाएं।
ग्राम प्रहरी हमारे जवानों का हिस्सा: मंडलायुक्त
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने ग्राम प्रहरियों को सुरक्षा व्यवस्था की बुनियादी रीढ़ बताया। उन्होंने कहा, "आप सभी हमारे पुलिस जवानों का अभिन्न हिस्सा हैं।" उन्होंने अपने अलीगढ़ जनपद में जिलाधिकारी रहते हुए रात के समय की एक घटना का जिक्र करते हुए रेखांकित किया कि कैसे ग्राम प्रहरियों की सक्रियता और स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों की समझ से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर पाती है।
मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिसकर्मी सम्मानित
सम्मेलन के दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण पर विशेष जोर दिया गया। एडीजी जोन रामकुमार ने 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला उपनिरीक्षकों और महिला कांस्टेबलों को मंच से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सुरक्षा और महिला सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़े हुए विषय हैं। गांवों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या महिलाओं के साथ अभद्रता की त्वरित सूचना देकर ये प्रहरी बड़ी वारदातों को होने से पहले ही टाल सकते हैं।
सम्मेलन में जुटे प्रशासनिक अमले के दिग्गज
गोरखपुर पुलिस लाइन में आयोजित इस सम्मेलन में लगभग 500 ग्राम प्रहरियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मंच पर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, खजनी विधायक श्रीराम चौहान, एडीजी जोन रामकुमार, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तूभ, सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक अपराध अयोध्या प्रसाद सिंह और क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


